24 C
Raipur
September 10, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज रायपुर दौरे पर, मनेरगा आंदोलन की लेंगे रिपोर्ट, नवनियुक्त जिलाध्यक्षों से करेंगे मंथन

कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज एक दिवसीय दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंच रहे हैं। इस दौरान उनका फोकस प्रदेश में मनरेगा को लेकर चल रहे आंदोलन, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की आगामी रणनीति पर रहेगा। कांग्रेस नेतृत्व इस दौरे को संगठन को जिला और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने की दिशा में अहम मान रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सचिन पायलट दोपहर करीब 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मनरेगा को लेकर चल रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन की स्थिति, उसकी दिशा और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में आंदोलन को और तेज करने अथवा उसके स्वरूप में बदलाव को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।

इसके बाद दोपहर 2.30 बजे सचिन पायलट नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों से सीधी बातचीत करेंगे। इस बैठक में जिलाध्यक्षों की भूमिका, जिम्मेदारियों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। साथ ही जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग, संगठनात्मक समन्वय और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि जिला अध्यक्ष संगठन और आंदोलन—दोनों मोर्चों पर सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि पार्टी की पकड़ जिला और ब्लॉक स्तर तक मजबूत हो सके। मनरेगा के मुद्दे पर पार्टी पहले ही सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़े हुए है, ऐसे में यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सचिन पायलट शाम करीब 6 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, हालांकि आवश्यकता पड़ने पर कार्यक्रम में आंशिक बदलाव संभव है। इससे पहले वे 26 और 27 नवंबर को भी दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। उस दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रहे SIR अभियान की समीक्षा की थी और संविधान बचाओ दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।

26 नवंबर को रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे धमतरी गए थे, जहां संविधान बचाओ दिवस के कार्यक्रम में भाग लिया और SIR अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इसके बाद वे कांकेर पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा हुई। देर शाम वे जगदलपुर पहुंचे थे और अगले दिन 27 नवंबर को वहां SIR अभियान की विस्तृत समीक्षा तथा मीडिया से बातचीत के बाद दिल्ली लौट गए थे।

कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिहाज से सचिन पायलट का आज का रायपुर दौरा पार्टी के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related posts

बैंककर्मियों की हड़ताल से छत्तीसगढ़ में बैंकिंग ठप, 5-डे वर्किंग सिस्टम की मांग तेज

admin

रायपुर में गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा तालाब में डूबा युवक, SDRF ने रातभर तलाशी के बाद सुबह निकाली लाश

admin

GST विभाग में बड़ा बदलाव: शारदा मिश्रा बनीं डिप्टी कमिश्नर

admin

Leave a Comment