39.1 C
Raipur
April 21, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

बस्तर के बैल बाजार में नशीली दवाओं की तस्करी का भंडाफोड़, महिला तस्कर गिरफ्तार, 5.37 लाख की अल्प्राजोलम जब्त

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैल बाजार क्षेत्र से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान जुगबाई उर्फ रीता चौधरी (57) के रूप में हुई है, जो बाजार क्षेत्र में खुलेआम प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम की बिक्री कर रही थी। पुलिस ने उसके कब्जे से 5 लाख रुपये से अधिक कीमत की नशीली गोलियां बरामद की हैं।

पुलिस को 8 जनवरी की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैल बाजार में एक महिला सब्जी के ठेले के पास बैठकर ग्राहकों का इंतजार कर रही है और चोरी-छिपे नशीली गोलियों की बिक्री कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद बस्तर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अल्प्राजोलम की 28 पत्तियां, कुल 420 टैबलेट बरामद की गईं। जब्त नशीली गोलियों का कुल वजन 67.2 ग्राम बताया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 5 लाख 37 हजार 600 रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि महिला लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जुगबाई उर्फ रीता चौधरी पहले भी एनडीपीएस, पी-एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के मामलों में जेल जा चुकी है। इसके बावजूद वह दोबारा नशीली दवाओं की तस्करी में लिप्त पाई गई।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामला जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Related posts

छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा सुरक्षा कवच: बैंक ऑफ महाराष्ट्र से समझौते के बाद 1.25 करोड़ तक बीमा व शिक्षा-विवाह सहायता

admin

“छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: तीन वकीलों को मिला वरिष्ठ अधिवक्ता का दर्जा”

admin

जशपुर में चर्च के सामने धीरेंद्र शास्त्री की कथा, बस्तर में धर्मांतरण पर जोरदार बयान

admin

Leave a Comment