रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को होने वाले भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। पिछले अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं से सबक लेते हुए इस बार छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ किसी भी तरह की चूक नहीं चाहता।
संघ ने साफ कर दिया है कि फर्स्ट इनिंग समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही पूरे स्टेडियम परिसर में 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स, पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। स्टेडियम के 13 प्रमुख प्रवेश द्वारों पर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई जा रही है ताकि बिना टिकट या जबरन एंट्री को पूरी तरह रोका जा सके।
पिछले मुकाबले में दर्शकों के मैदान तक पहुंचने और खिलाड़ियों के बीच घुसने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया था। इस बार बाउंड्री लाइन पर भी अतिरिक्त बाउंसर्स तैनात किए जाएंगे, जिससे कोई दर्शक मैदान में कूद न सके।
सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि खाने-पीने की चीजों की मनमानी कीमतों पर भी नकेल कसी जाएगी। पिछली बार स्टेडियम में अत्यधिक दामों पर खाद्य सामग्री बेचने की शिकायतें सामने आई थीं। इस बार खाने-पीने के सभी स्टॉल्स पर तय दरों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
क्रिकेट संघ का दावा है कि इन व्यवस्थाओं से दर्शकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर मैच अनुभव मिलेगा।
