छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक 28 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक द्वारा परप्यूम पीने की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी और उसका व्यवहार अचानक बदल जाता था।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कटघोरा निवासी विद्यासागर के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री था। उसकी शादी पिछले वर्ष 2025 में हुई थी और उसकी पत्नी वर्तमान में सात माह की गर्भवती है। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले विद्यासागर ने ऑनलाइन परप्यूम मंगाया था। सोमवार को जब वह घर लौटा, तो उसने अपने छोटे भाई से परप्यूम मांगा। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया, जहां उसने पहले परप्यूम का सेवन किया और फिर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब घर वालों ने कमरे में जाकर देखा, तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला।
घटना के तुरंत बाद परिजन उसे नीचे उतारकर कटघोरा सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से परप्यूम की खाली शीशी भी बरामद की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि युवक किसी के बहकावे या जादू-टोना जैसी आशंकाओं से भी परेशान रहता था, हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस दुखद घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
