September 5, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

एम्स भर्ती के नाम पर फर्जीवाड़ा: युवक से 14.50 लाख की ठगी, पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग जिले से दोस्ती और भरोसे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही कॉलेज मित्र को रायपुर एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भिलाई दुर्गा नगर निवासी मुकेश कोसरे अपने माता-पिता के साथ रहते हैं। पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। घर की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए वह नौकरी की तलाश में थे। इसी दौरान उनके कॉलेज मित्र और भिलाई जोन-3 खुर्सीपार निवासी अभिषेक जायसवाल से संपर्क हुआ।

आरोपी अभिषेक ने खुद को बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से जान-पहचान वाला बताते हुए रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसने जल्द ही जॉइनिंग लेटर देने का वादा करते हुए अलग-अलग तारीखों में मुकेश से कुल 14 लाख 50 हजार रुपये वसूल लिए। यह राशि नगद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से ली गई।

पीड़ित के अनुसार, 1 सितंबर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के बीच आरोपी को कई किस्तों में पैसे दिए गए। इसमें एसबीआई सुपेला शाखा से नगद भुगतान, गूगल पे के जरिए ऑनलाइन ट्रांसफर और अन्य नगद रकम शामिल है। कुल मिलाकर लगभग 9 लाख 80 हजार रुपये ऑनलाइन और शेष रकम नगद दी गई।

इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद न तो मुकेश को रायपुर एम्स में नौकरी मिली और न ही कोई जॉइनिंग लेटर दिया गया। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपी ने अपना मकान भी छोड़ दिया और फोन पर संपर्क करने पर भी केवल झूठा आश्वासन देता रहा।

खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर पीड़ित मुकेश कोसरे ने भिलाई के वैशाली नगर थाना पहुंचकर अपने कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से त्वरित एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि लेन-देन के दस्तावेजों और डिजिटल ट्रांजैक्शन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

तमनार में उग्र भीड़ का कहर, महिला आरक्षक से बदसलूकी पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार

admin

सेक्स-सीडी केस में नया मोड़: भूपेश बघेल की फिर कोर्ट में पेशी तय, सेशन कोर्ट के आदेश से बढ़ी सियासी हलचल

admin

छत्तीसगढ़ भाजपा कोर कमेटी में बदलाव, ओपी चौधरी-विजय शर्मा-अमर अग्रवाल की एंट्री

admin

Leave a Comment