छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वेलेंटाइन वीक के दौरान एक युवा कपल द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जानकारी के अनुसार यह घटना 11 फरवरी की रात की है। युवती (20) और युवक (18) पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे। दोनों की मुलाकात एक रिश्तेदार की शादी में हुई थी, जहां से बातचीत शुरू हुई और समय के साथ रिश्ता गहरा होता गया।
परिजनों को दोनों के संबंध की जानकारी थी और वे शादी के लिए तैयार भी थे। सामूहिक विवाह योजना में आवेदन किया गया, लेकिन युवक की उम्र 21 वर्ष से कम होने के कारण आवेदन निरस्त हो गया। इसके चलते शादी टलती रही। बताया गया कि शादी में देरी और सामाजिक दबाव के कारण दोनों मानसिक रूप से परेशान थे। कुछ समय से दोनों गांव में अलग घर लेकर रह रहे थे।
11 फरवरी की रात युवती ने घर में साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। युवक को इसकी जानकारी मिलने पर उसने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद युवक घर के पास नीलगिरी के करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर फंदा लगाकर लटक गया। आसपास के लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के बयानों में शादी में देरी, उम्र की बाधा और बदनामी की चिंता जैसे कारण सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
