छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर के 92 ऐसे गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया गया, जहां कभी नक्सलियों का प्रभाव था और राष्ट्रीय पर्व नहीं मनाए जाते थे। जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर बस्तर के 500 से अधिक स्कूलों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का नामकरण शहीदों के नाम पर किया गया। यह बदलाव बस्तर में शांति, लोकतंत्र और विकास की नई शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है।
