रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 साल की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना को दो नाबालिग आरोपियों ने अंजाम दिया और बाद में छात्रा को डराकर चुप रहने की धमकी दी। डर के कारण छात्रा करीब एक महीने तक किसी को कुछ नहीं बता पाई।
अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर मां ने उससे परेशानी की वजह पूछी। इस दौरान छात्रा ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी उम्र 14 और 16 साल बताई गई है। दोनों को बाल न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
