छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डोमाडीह गांव में जुआ पकड़ने गई पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक युवक तालाब में कूद गया था। करीब 48 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम ने युवक महेशराम केंवट का शव तालाब से बरामद किया। बताया जा रहा है कि 22 नवंबर की रात पुलिस की रेड के दौरान युवक ने पकड़े जाने के डर से तालाब में छलांग लगा दी थी। वहीं, युवक के परिजनों ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। फिलहाल मारपीट के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।
