जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में एक ही परिवार पर करोड़ों की ठगी करने का बड़ा मामला सामने आया है। विभिन्न गांवों के कुल 6 शिकायतकर्ताओं ने एसपी से लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि आरोपी परिवार ने अलग-अलग तरीकों से भरोसा जीतकर जमीन खरीद-बिक्री, दुकान-मार्केट लगवाने और रकम लौटाने का लालच देकर बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
शिकायत के बाद एसपी विजय पांडे ने मामले की जांच के निर्देश चांपा एसडीओपी यदुमणि सिदार को दिए हैं। आरोपियों पर शिकायतकर्ताओं को झांसा देकर 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है।
किससे कितनी ठगी हुई — पीड़ितों का दावाशिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्हें अलग-अलग बहानों से रकम लेने के बाद न तो वादा पूरा किया गया, न पैसा लौटाया गया। रकम मांगने पर धमकाने की बात भी कही गई।
शिकायत के अनुसार ठगी की रकम इस प्रकार है—
रमकुमार रोहितदास (मेहंदी गांव) – ₹1 करोड़ 90 लाख
रोहित साहू (बिलारी गांव) – ₹22 लाख
राजेश साहू – ₹1 करोड़ 88 लाख
मिथिलेश साहू (पकरिया गांव) – ₹30 लाख
छोटेलाल यादव – ₹4 करोड़ 73 लाख
लेखराम साहू (बरपाली गांव) – ₹2 करोड़ 50 लाख 27 हजार
पीड़ितों के मुताबिक रकम ऑनलाइन और नकद, दोनों माध्यमों से दी गई थी। पहले तो पैसे लेने के बाद कुछ काम शुरू कराया गया, लेकिन बाद में बंद कर दिया गया और रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया।
एसपी तक पहुंची शिकायत, जांच जारी
पीड़ितों के समूह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सामूहिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीओपी को सभी पीड़ितों के बयान, लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला प्राथमिक रूप से आर्थिक धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित प्रतीत हो रहा है। जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
