फिल्म ‘कांतारा’ में दिखाए गए दैवीय पात्र का मजाक उड़ाने के आरोपों में रणवीर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। माफी मांगने के बावजूद अभिनेता के खिलाफ दूसरी शिकायत दर्ज हो गई है। यह शिकायत बेंगलुरु के हाई ग्राउंड पुलिस स्टेशन में हाई कोर्ट के वकील प्रशांत मेथल ने दर्ज करवाई है।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रणवीर सिंह ने सार्वजनिक मंच पर पूजनीय गुलिगा देव (कांतारा में दिखाया गया पात्र) की नकल उतारते हुए उन्हें “भूत” कहा और मजाकिया अंदाज में प्रस्तुत किया। शिकायत में कहा गया है कि इस हरकत से हिंदू समुदाय, विशेषकर तुलु समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
रणवीर का माफीनामा—‘किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो मैं माफी चाहता हूं’
विवाद बढ़ने पर रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक माफीनामा जारी किया। उन्होंने लिखा कि उनका उद्देश्य कांतारा में ऋषभ शेट्टी के शानदार अभिनय को उजागर करना था, न कि किसी की श्रद्धा या देवी-देवता का मजाक बनाना।
उन्होंने कहा कि यदि उनकी किसी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे दिल से माफी मांगते हैं।
फिल्म फेस्टिवल में शुरू हुआ विवाद
रणवीर सिंह हाल ही में IFFI (इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया) के मंच पर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ऋषभ शेट्टी के किरदार की नकल उतारी और मजाक किया। मंच से उतरने के बाद भी सामने आए एक वीडियो में रणवीर को चामुंडी देवी की मिमिक्री करते देखा गया, जबकि ऋषभ शेट्टी उन्हें इशारे से रोकते दिखाई दिए।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी आलोचना तेज हो गई।
पहले भी पंजी में दर्ज हो चुकी है शिकायत
इससे पहले 2 दिसंबर को हिंदू जनजागृति समिति ने पंजी में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कानूनी कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की गई थी। रणवीर ने माफी जारी की थी, लेकिन विवाद थमने के बजाय और गहरा गया।
