28.1 C
Raipur
September 6, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

दुर्ग स्टेशन पर ‘ऑपरेशन नर्कोश’ की बड़ी कामयाबी: 13 लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर दबोचे

दुर्ग रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नर्कोश’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 25 किलो 435 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख 71 हजार 750 रुपये बताई जा रही है।

आरपीएफ को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि दो युवक ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले हैं और आगे कटनी जाने वाली ट्रेन से इसे अन्य राज्य में सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर निगरानी बढ़ा दी। संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर दोनों युवकों को रोका गया और पूछताछ की गई।

तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद चार बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर कटनी में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

आरपीएफ ने विधिवत पंचनामा कार्रवाई करते हुए जब्त गांजा और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) रायपुर को सौंप दिया है। एनसीबी ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20 (बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

रेलवे स्टेशन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related posts

भिलाई में पुरानी रंजिश का खूनी खेल: चाय दुकान के पीछे युवक पर कटर से हमला

admin

किसानों का हाहाकार, DAP 1300 से 2100 में! RI भर्ती गड़बड़ी पर विपक्ष का हंगामा, विधानसभा में वॉकआउट

admin

स्कूल खुलने में बस 8 दिन बाकी, लेकिन किताबों का इंतजार! निजी स्कूलों ने सरकार को लिखा पत्र

admin

Leave a Comment