26.1 C
Raipur
September 9, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

उरला औद्योगिक क्षेत्र की लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग, ट्रैक्टर और मशीनें जलकर राख; 3 घंटे बाद आग पर काबू

राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र स्थित भीम सरिया मिनरल प्राइवेट लिमिटेड की लकड़ी फैक्ट्री में आधी रात के आसपास अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सूखी लकड़ियां रखी होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और आसमान में उठता धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम और निजी उद्योगों की करीब छह से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान फैक्ट्री के अंदर दो कर्मचारियों के फंसे होने की खबर मिलने से रेस्क्यू ऑपरेशन और भी चुनौतीपूर्ण हो गया।

दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर करीब ढाई से तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की और आखिरकार दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखा एक ट्रैक्टर और लकड़ी काटने व फिनिशिंग की कई महंगी मशीनें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उरला थाना पुलिस और फायर एक्सपर्ट की टीम मौके पर जांच कर रही है। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Related posts

79वें स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में तिरंगा फहराएंगे मुख्यमंत्री, पार्किंग व मार्ग में बदलाव लागू

admin

NAAC में A+ ग्रेड मिलने के बाद PRSU में खुलेगा डिस्टेंस एजुकेशन का रास्ता, जल्द UGC को भेजा जाएगा प्रस्ताव

admin

छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को बड़ी राहत: महंगाई भत्ता बढ़कर 58% हुआ, केंद्र के बराबर आया DA

admin

Leave a Comment