28.1 C
Raipur
September 6, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

दुर्ग में BJP प्रदेश अध्यक्ष का काफिला रोका; रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी के विरोध में उग्र प्रदर्शन, पुलिस से झूमाझटकी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नई गाइडलाइन लागू होने के बाद रजिस्ट्री शुल्क और जमीन के बाजार मूल्य में बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को दुर्ग में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। बढ़े हुए शुल्क को वापस लेने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया। इसी दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव का काफिला वहां से गुजर रहा था, जिसे प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर रोक दिया।

किरण सिंहदेव को ज्ञापन सौंपने की जिद, सड़क पर अफरा-तफरी

निजी कार्यक्रम से लौट रहे प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया और सामने खड़े होकर ज्ञापन सौंपने पर अड़ गए। अचानक सड़क घिर जाने से यातायात भी प्रभावित हो गया। काफिले के साथ चल रहे फॉलो गार्ड और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ मिलकर भीड़ को हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और रजिस्ट्र्री शुल्क बढ़ोतरी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी, तनाव बढ़ा

स्थिति तब बिगड़ी जब पुलिस ने काफिले का रास्ता साफ करने के लिए प्रदर्शनकारियों को जबरन पीछे हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और भीड़ के बीच झूमाझटकी हो गई। हालांकि कुछ ही देर में पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए काफिले को आगे बढ़ाया।

घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे सिर्फ अपनी मांगें रखना चाहते थे लेकिन पुलिस ने अनावश्यक बल प्रयोग किया।

कलेक्ट्रेट में उग्र नारेबाजी, ज्ञापन सौंपकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

काफिला निकलने के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन में कहा गया कि रजिस्ट्र्री शुल्क और जमीन के बाजार मूल्य में बढ़ोतरी आमजन, खासकर मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारियों को गंभीर आर्थिक संकट में डाल देगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने समय रहते राहत नहीं दी तो आंदोलन और उग्र होगा और प्रदेशभर में विरोध तेज किया जाएगा।

कांग्रेस का बयान— “जनता नाराज है, BJP नेताओं का यही हाल होगा

भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद से बिजली बिल, टैक्स और अन्य शुल्कों के माध्यम से जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ाया गया है।

उन्होंने कहा,

“दुर्ग में BJP प्रदेश अध्यक्ष के साथ जो हुआ, वही हाल पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं का होगा, क्योंकि जनता नाराज है।”

Related posts

सिम्स में मशीन खरीदी पर सवाल: हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा शपथपत्र, मरीजों को हो रही दिक्कत

admin

छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो साल पूरे, जांजगीर में भव्य आयोजन; जेपी नड्डा करेंगे कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद

admin

महाराष्ट्र से रायपुर तक गांजा तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम: पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भाग रहे तस्कर गिरफ्तार

admin

Leave a Comment