35.8 C
Raipur
June 4, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

कल्याण कॉलेज में बवाल मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रिंसिपल से बदसलूकी का आरोपी NSUI नेता नागपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार

दुर्ग जिले के कल्याण कॉलेज में हुए हंगामे और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्राचार्य से बदसलूकी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपी NSUI नेता आकाश कनौजिया को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 9 दिसंबर की दोपहर का है, जब कल्याण कॉलेज में परीक्षा फार्म की जांच और हस्ताक्षर से जुड़ा शासकीय कार्य चल रहा था। इसी दौरान आकाश कनौजिया अपने साथियों के साथ बिना अनुमति कॉलेज परिसर में घुस आया। आरोप है कि उन्होंने न केवल शासकीय कार्य में बाधा डाली, बल्कि प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के केबिन में जबरन घुसकर गाली-गलौज की और बदसलूकी की।

आरोपियों ने प्राचार्य के केबिन में रखे शासकीय दस्तावेजों को टेबल से उठाकर फेंक दिया, जिससे न सिर्फ प्रशासनिक कार्य बाधित हुआ, बल्कि शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। इस दौरान प्राचार्य के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप है, जिससे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राचार्य की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि घटना के बाद मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया फरार हो गया था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। अंततः उसे नागपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, जिस पर प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही जा रही है।

Related posts

NEET-PG काउंसलिंग में इंस्टिट्यूशनल प्रेफरेंस पर हाईकोर्ट की बड़ी रोक, डॉक्टरों की नाराज़गी बढ़ी

admin

अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा: रायगढ़ में एक सप्ताह में 31 वाहन जब्त, माफियाओं में हड़कंप

admin

बाबा साहब की जयंती पर कांग्रेस से माफी की मांग, बीजेपी प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल का बयान

admin

Leave a Comment