रायपुर: राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा की टक्कर से एक युवक की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही डीकेएस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव लेने से इनकार कर दिया और इसे हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई हत्या बताया। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला शहर के वार्ड क्रमांक-13, फोकटपारा इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई। फोकटपारा निवासी जितेंद्र अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले के चौक पर खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान ई-रिक्शा चालक मोहम्मद आसिफ खान लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां पहुंचा और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि जितेंद्र वहीं सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद दोस्त और परिजन तत्काल उसे अंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई और डीकेएस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन और दोस्त तुरंत जितेंद्र को डीकेएस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शाम करीब 5:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्से में परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि यह केवल सड़क हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई हत्या है। उनका कहना है कि जब तक आरोपी चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक वे शव लेकर नहीं जाएंगे। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ई-रिक्शा चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
