बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ठगी और शारीरिक शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि जांजगीर-चांपा जिले के एक युवक ने कोरबा की युवती से पहले मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और सरकारी नौकरी लगवाने का लालच देकर लाखों रुपये और गहने ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पूरा मामला बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र का है। कोरबा निवासी 22 वर्षीय युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से जांजगीर-चांपा निवासी पवन यादव से हुई थी। युवती शादी के उद्देश्य से साइट पर प्रोफाइल बनाकर उपयोग कर रही थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने युवती को प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने का भरोसा दिलाया।
पीड़िता के मुताबिक वर्ष 2024 में आरोपी ने उसे बिलासपुर बुलाया और शादी के बाद पति-पत्नी की तरह साथ रहने का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह लगातार युवती से मिलता रहा और शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान आरोपी ने युवती को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया और उससे पैसे मांगने लगा।
आरोप है कि युवक ने नौकरी लगवाने के नाम पर युवती से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद और पैसों की जरूरत बताकर करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के हार, चूड़ी और चेन समेत अन्य गहने भी ले लिए। जब युवती ने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया।
खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़िता ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और ठगी का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
