29.7 C
Raipur
October 26, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

फर्जी लोन घोटाला: 30 हजार का कर्ज, खाते में दर्ज हो गया 3 लाख; 2 हजार किसान कर्जदार

सरगुजा जिले की केरजू सहकारी समिति से जुड़ा फर्जी ऋण का मामला अब बड़े घोटाले का रूप लेता जा रहा है। आरोप है कि पांच गांवों के दो हजार से अधिक किसानों के नाम पर बिना उनकी जानकारी के लाखों रुपये का ऋण दर्ज कर दिया गया। इसका सीधा असर यह हुआ कि किसानों को धान बिक्री के बाद भी उनकी फसल का भुगतान नहीं मिल सका।

किसानों का कहना है कि उन्होंने खेती के लिए केवल 20 से 55 हजार रुपये तक का ऋण लिया था, लेकिन बैंक रिकॉर्ड में उनके नाम पर दो से तीन लाख रुपये तक का कर्ज दर्ज है। जब किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने के बाद भुगतान लेने बैंक पहुंचे, तब उन्हें इस फर्जी ऋण की जानकारी मिली। धान बिक्री की पूरी राशि ऋण समायोजन के नाम पर काट ली गई।

यह मामला केरजू, कुमनेरा, ढोढ़गांव, बंशीपुर और हरदीडांड गांवों से जुड़ा है। किसानों का दावा है कि इन गांवों में पंजीकृत लगभग सभी किसानों के खातों में फर्जी ऋण दर्ज किया गया है। यहां तक कि कुछ मृत किसानों के नाम पर भी ऋण निकाले जाने की बात सामने आई है।

फर्जी लोन से परेशान सैकड़ों किसान कलेक्टरेट पहुंचे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। किसानों का कहना है कि सालभर की मेहनत के बाद जब फसल बेचने का समय आया, तब उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जिम्मेदारियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

मामले को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भी प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी ऋण की कुल राशि करोड़ों रुपये में हो सकती है और इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच जरूरी है। साथ ही उन्होंने मांग की कि किसानों को तत्काल धान बिक्री की राशि का भुगतान किया जाए।

वहीं, कलेक्टर अजीत वसंत ने किसानों से चर्चा के बाद जांच समिति गठित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इसी सहकारी समिति के प्रबंधक की हाल ही में संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का मामला भी सामने आ चुका है, जिससे फर्जी ऋण प्रकरण और अधिक संवेदनशील हो गया है। फिलहाल किसान प्रशासनिक कार्रवाई और न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related posts

रूआबांधा मैदान पर आवास परियोजना को लेकर टकराव: 57 घरों के नोटिस पर बस्ती में उबाल, 5 दिन से अनिश्चितकालीन धरना

admin

बेलतरा की सड़कों का होगा कायाकल्प: 26.20 करोड़ की स्वीकृति से बदलेगा इलाक़े का चेहरा

admin

इलाज के दौरान बना भरोसा, फिर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार हुआ थेरेपिस्ट

admin

Leave a Comment