राजधानी रायपुर की ब्लू वॉटर खदान में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मोहदापारा निवासी 24 वर्षीय आदिल खान अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। इसी दौरान खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी।
शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतरे। दोस्त सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
अंधेरा होने और पानी की अधिक गहराई के कारण रात में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। गुरुवार सुबह से एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका है। यह घटना लोगों के लिए सावधानी बरतने और खतरनाक जलाशयों से दूर रहने की चेतावनी भी है।
