कोरबा की एक युवती विदेश में अच्छी नौकरी और हर महीने 30 हजार थाई बात वेतन मिलने के लालच में साइबर ठगों के जाल में फंस गई। फेसबुक पर बैंकॉक में नौकरी का विज्ञापन देखकर उसने संपर्क किया था। इसके बाद उसे बेंगलुरु बुलाकर फ्लाइट से थाईलैंड ले जाया गया और फिर म्यांमार पहुंचा दिया गया।
पीड़िता के मुताबिक, म्यांमार पहुंचते ही उसका पासपोर्ट छीन लिया गया और उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई। साथ ही फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनवाकर भारतीय लोगों से ऑनलाइन ठगी और निवेश के नाम पर धोखाधड़ी कराई गई।
किसी तरह भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से युवती सुरक्षित भारत लौटी। कोरबा पहुंचकर उसने दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली 35 वर्षीय स्नेहा भथलाल बडोले को गिरफ्तार किया है।
