कांकेर जिले के छोटेबेठिया इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ की खबर सामने आई है। यह मुठभेड़ शुक्रवार सुबह शुरू हुई और समाचार लिखे जाने तक लगातार जारी थी। अब तक की जानकारी के अनुसार, दो नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब सुरक्षाबलों की टीम गश्त पर थी और जंगल के भीतर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उन्होंने तलाशी अभियान शुरू किया। तभी घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) इंदिरा कल्याण एलिसेला ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल बेहद संवेदनशील क्षेत्र में है और फिलहाल टीम के साथ संपर्क स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी अभी मुठभेड़ स्थल पर है, पूरी जानकारी पार्टी के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।”
इलाके में मुठभेड़ के चलते तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अतिरिक्त पुलिस बल रवाना कर दिया गया है ताकि नक्सलियों को घेरे में लिया जा सके और किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
