बिलासपुर के गोढ़ी गांव में गोरा-गौरी विसर्जन के दौरान भीड़ के बीच से गुजर रही बाइक की टक्कर से एक बच्ची घायल हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने बाइक सवार युवक की पिटाई कर दी। युवक ने अपने गांव उड़गन में फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों गांवों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने युवक की बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते करीब 10 बाइक जलकर राख हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर 7 युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है।
